Followers

Tuesday, 23 June 2015

लघुकथा

उसकी आँखों का दर्द

मुझे बहुत आश्चर्य हुआ, जब उसने मेरी ओर मुड़कर नहीं देखा। झुंझलाहट में मैंने पैर पटके और लोकल ट्रेन के डिब्बे में चढ़ गया। मुझ पर झुँझलाहट इस भाँति हावी थी कि उस समय कोई भी कुछ कहता, तो संभवतः मैं झगड़ पड़ता। रास्ते भर उस घटना की सोच से उबर नहीं सका। घर पहुँचते ही अपनी पत्नी को सारी बातें बताई और अपने क्रोध को येन-केन-प्रकारेण शांत किया। शान्त मन आत्म-परीक्षण में सहायक होता है। तत्काल ही उसका निर्दोष मुखमण्डल मेरे समक्ष आ खड़ा हुआ।

‘बाबूजी, दो दिन से भूखा हूँ। एक दाना भी पेट में नहीं है।’ उसने गिड़गिड़ाकर मुझसे कहा था।


मुझे दया आ गई, परन्तु मैं अपनी आदर्शता से भटक न पाया। मैंने कभी यह निश्चय किया था कि किसी भी भिखारी को कभी पैसे नहीं दूँगा, बल्कि कुछ काम दूँगा और उस काम के बदले उसका मेहनताना उसे दूँगा।


‘काम करोगे?’ पूछा था मैंने।


‘कैसा काम?’ उसका मासूम चेहरा उतर गया।


‘काम के बदले, पैसे मिलेंगे। ऐसे नहीं।’ मैं तटस्थ था। मेरे चेहरे के भावों को पढ़ने के बाद उसका रहा-सहा उत्साह भी जाता रहा।


‘भीख क्यों माँगते हो? कुछ काम करो और अपनी मेहनत की कमाई खाओ।’ मेरे विचार को सुनकर वह बोला, ‘काम कौन देगा साहब? हम जैसों के लिये कोई काम नहीं होता।’


‘क्यों नहीं होता? चलो मेरे घर चलो। मेरे बगान में काम करो और दिन का पूरा मेहनताना लो, साथ में दो समय का खाना भी।’


उसने निराशा से मेरी ओर देखा। मैं अपने कथन पर अडिग था। वह कार्य नहीं करना चाहता था। उसके चेहरे से स्पष्ट था।


‘काम क्यों नहीं करना चाहते हो?’ पूछा मैंने, ‘काम तो पूजा है। कोई भी काम बुरा नहीं होता। यही समस्या है तुम लोगों की, भीख माँगने की लत-सी पड़ गई है। मुफ़्त में रोटी तोड़ने की आदत हो गई है। काम करो, पैसे पाओ और सिर उठाकर जीओ। इसमें क्या बुराई है?’


वह अब भी अविश्वास की दृष्टि से मुझे घूर रहा था। उसके मन में कोई बात अवश्य थी, जिसका उत्तर वह तलाश रहा था। मैं समझ गया कि वह काम करने को राजी नहीं होगा। अतः मैंने उसे जीवन के बारे में बहुत कुछ समझाया। पता नहीं उसे कितनी समझ आई, किन्तु मुझे लगा कि वह कुछ-कुछ विश्वास करने लगा था, किन्तु पूर्ण-विश्वास की कमी थी। मैं उस पर अपना क्रोध दिखाकर वहाँ से निकल पड़ा था।


दूसरे ही दिन मुझे मेरा मन भिन्ना गया। अखबार के प्रथम पृष्ठ पर ही एक ख़बर छपी थी कि एक व्यक्ति ने काम के बहाने अपने घर ले जाकर एक मासूम के साथ कुकर्म किया और उसे रात के अंधेरे में किसी अनजान स्थल पर छोड़ गया। पुलिस उस व्यक्ति की तलाश में है। शर्म से मेरा सिर झुक गया। मुझे अपने मानव होने पर ग्लानि होने लगी। उस मासूम की आँखों का दर्द मुझे स्वयं के दिल में महसूस हुआ। उसका अविश्वास सर्वथा उचित था। जब मानवीयता से विश्वास उठ जाये, तो किसी अनजान पर विश्वास कैसे होगा?


विश्वजीत ‘सपन’

Wednesday, 4 March 2015

संयम




संयम

संयम अर्थात् स्व-नियंत्रण, हम सभी ने यह शब्द सुना है, किन्तु इसका अभाव अनेक लोगों में देखा जाता है। संयम खोने की स्थिति में ये पाँच प्रश्न हमारी सहायता कर सकते हैंः-

1.         क्या मैं क्रोधवश ऐसा कर रहा हूँ या किसी स्वाथ के वशीभूत अथवा किसी दवाब में?

2.         क्या मेरा निर्णय उचित एवं विधि-सम्मत है?

3.         क्या मेरे सगे-संबंधी इस कार्य से शर्मिन्दा होंगे?

4.         क्या मैं स्वयं को आइने में देखने के योग्य हूँ?

5.         आज से 20-30 वर्ष बाद मुझे पछतावा तो नहीं होगा?

संयम और आवेशित होना परस्पर विरोधी हैं। क्रोध संभावित संकट की प्रतिक्रिया ही है। यह बहुधा व्यक्ति की अपनी कुण्ठा के कारण होना संभावित है। यह कुण्ठा व्यक्तिगत प्रवृत्ति के कारण हो सकती है अथवा समाजगत, संस्थागत आदि कारणों से। व्यक्तिगत प्रकृति की कुण्ठा पुनः दो प्रकार की हो सकती है - स्व-घातक और पर-घातक।

इन कुण्ठाओं के अनेक कारक होते हैंः- अवेगशीलता, सामाजीकरण का अभाव, पूर्व में गाली-गलौच एवं आवेग का इतिहास, स्व-नियंत्रण का अभाव और बिखरे हुए सम्बन्ध आदि। अनेक विद्वानों ने और भी कारण बताये हैं और सच्चाई यही है कि ये सभी कारण हो सकते हैं, जैसे पावर, अहम्, दवाब, अभिवृत्ति, आत्म-सम्मान, चिंता, समस्या आदि।

स्व-नियंत्रण को उचित मात्रा में प्राप्त करने के लिये अनेक उपाय विद्वानों ने सुझाये हैं, परन्तु हम कुछ महत्त्वपूर्ण तकनीकों पर विचार कर सकते हैं।

1.         ध्यान-केन्द्रित करना - यह उपाय अत्यधिक सहायक सिद्ध होता है। यह मस्तिष्क को आराम देता है और शान्त करता है। शान्त मन स्वयंमेव स्व-नियंत्रण की ओर अग्रसर हो जाता है।

2.         अहम् का त्याग - अहम् मानव-व्यक्तित्व को नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है, जिसका त्याग स्व-नियंत्रण का एक सुन्दर मार्ग है।

3.         स्व-ज्ञान - स्वयं को अच्छी तरह से जानना। यह कठिन है, किन्तु सहायक है।

4.         नींद का ध्यान रखें - बहुधा हम कम नींद के शिकार होते हैं और यह हमारे व्यवहार को बदलने में सक्षम होता है।

5.         नियमित व्यायाम करें - व्यायाम से तन-मन दोनों की शुद्धि होती है और यह बहुत सहायक होता है।

6.         शौक़ या हॉबी - कुछ भी शौक़ हो, उसे न भूलें और अपना मन लगायें, जैसे गाना सुनना, लिखना-पढ़ना, बाग़वानी, खेल देखना-खेलना आदि।

7.         कारण-निदान - उन कारणों को जानना, जिनसे ऐसी परिस्थितियाँ बनती/आती हैं और उनके उपाय करना, स्वयमेव अथवा विशेषज्ञों की सहायता से।

8.         दवाब की परिस्थितियों से दूरी - अनेक बार कुछ विशेष परिस्थितियाँ कारण बनती हैं, तो उनसे यथासंभव दूरी बनाकर रखना।

उपाय भी अनेक हैं और कारण भी अनेक हैं, आवश्यकता है चाह की। जहाँ चाह वहाँ राह की उक्ति इस दिशा में सवोत्तम उपाय के रूप में मानें, तो अत्युत्तम होगा।
विश्वजीत ‘सपन’