26 जनवरी, 1950 में लागू भरतीय संविधान के अनुच्छेद 343(1) के अनुसार संघ सरकार की राजभाषा हिन्दी होगी एवं इसकी लिपि देवनागरी होगी। असल में संविधान सभा में हिन्दी की स्थिति पर चर्चा का आरंभ 12 सितम्बर 1949 को हुआ था और उसके दो दिनों के बाद अर्थात् 14 सितम्बर 1949 को हिन्दी को ‘राष्ट्र भाषा’ के रूप में स्वीकृति प्रदान की गयी थी। तभी से 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस के रूप में मनाये जाने की प्रथा का प्रारंभ हुआ है, जो आज भी निरंतर चल रही है।
संविधान के लागू होते ही हिन्दी को देश की आधिकारिक भाषा का दर्जा तो मिल गया, किन्तु तब यह तय किया गया था कि आगामी 15 वर्षों तक हिन्दी एवं अंग्रेज़ी, दोनों भाषायें कामकाज में बनी रहेंगी और उसके बाद हिन्दी को पूर्णरूप से स्वीकार कर लिया जायेगा। परन्तु, 1965 में यह अवधि पूरी होने के पहले ही तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक जैसे राज्यों में हिन्दी विरोधी प्रदर्शन प्रारंभ हो गये, जो कहीं-कहीं हिंसक भी हो गये। परिस्थितियाँ जब विकट हो गयीं तो इस पर पुनर्विचार हुआ। परिणामतः राजभाषा अधिनियम, 1963 में संशोधन कर यह प्रावधान कर दिया गया कि जब तक कि संसद के दोनों सदन और देश के सभी राज्य अपनी विधानसभाओं में एक प्रस्ताव पारित कर हिन्दी को राष्ट्रभाषा के रूप में स्वीकार नहीं करते, तब तक अंग्रेज़ी भी सरकारी कामकाज में प्रयुक्त होती रहेगी।
हिन्दी अधिकांश भारतीयों की भाषा है और आधे से भी अधिक भारतीयों के द्वारा बोली जाती है। साथ ही लगभग तीन चौथाई भारतीयों के द्वारा समझी जाती है। अरुणाचल प्रदेश, बिहार, झारखण्ड, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली में हिन्दी को राजकीय भाषा का सम्मान प्राप्त है।
यह विदेशो में भी बोली और समझी जाती है। हिन्दी विश्व में तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। इसे अमेरिका, ब्रिटेन, मलेशिया, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, न्यज़ीलैण्ड सहित अनेक देशों में बोला जाता है। आज हिन्दी का प्रचार-प्रसार द्रुतगति से हो रहा है और कई देशों ने हिन्दी के विश्वविद्यालय खोले हैं और भारत के निकट आने के प्रयास में हिन्दी से जुड़ रहे हैं। दुर्भाग्य यह है हमारे देश में हिन्दी भाषा उपेक्षित महसूस करती है क्योंकि कुछ राज्यों को छोड़कर शेष भारत में अभी भी हिन्दी के बजाय अंग्रेज़ी को अधिक सम्मान दिया जाता है। केन्द्रीय भारत सरकार के अधिकतर कार्य भी अंग्रेज़ी भाषा में ही किये जाते हैं। दक्षिण भारतीय राज्यों कि स्थिति तो यह है कि यदि उनसे हिन्दी में पत्राचार किया जाता है, तो वे लिखते हैं कि उनसे अंग्रेज़ी में ही पत्राचार किया जाये।
इस बात में कोई संदेह नहीं है कि विश्व के सभी प्रमुख विकसित एवं विकासशील देश अपनी-अपनी भाषाओं में ही सरकारी काम-काज करके समृद्ध और उन्नत हुए हैं। भारत में राजभाषा विभाग प्रतिवर्ष अनेक क़दम उठाता रहा है ताकि सरकारी उद्यमों में अधिकाधिक हिन्दी भाषा के प्रयोग बढ़ावा मिल सके। देश में एकता एवं अखण्डता के लिए भी एक भाषा का अपना ही महत्त्व होता है। आज आवश्यकता है कि हम अपनी राजभाषा पर गर्व करें और क्षेत्रीय भाषाओं के साथ ही साथ राष्ट्रभाषा का भी उचित सम्मान करें।
विश्वजीत ‘सपन’
चक्रवाती तूफ़ान ‘हुदहुद’ के नामकरण से जुड़े तथ्य
12 अक्टूबर 2014 को ‘हुदहुद’ नामक चक्रवाती तूफ़ान ने आन्ध्र प्रदेश राज्य के एक शहर विशाखपट्टनम् में बहुत तबाही मचायी और यह तूफ़ान आगे बढ़कर उड़ीसा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक जा पहुँचा। इस तूफ़ान और इससे पहले आये तूफ़ानों के न-नोक, मदी, लहर, हेलेन आदि नामकरण क्यों हुए? कहने का तात्पर्य यह कि ये नाम इन चक्रवाती तूफ़ानों के क्यों और कैसे पड़े? यदि हम इस विषय पर विचार करें तो बहुत ही मनोरंजक एवं सुन्दर जानकारी हमें प्राप्त होती है।
पहली हरिकेन चेतावनी की व्यवस्था का प्रारंभ सन् 1870 में क्यूबा में किया गया था। 1947 तक इन सभी प्रकार के तूफ़ानों के नाम संख्या आदि संकेत के द्वारा किये गये। 1950 में मियामी हरिकेन केन्द्र ने तब तक आये सभी प्रकार के तूफ़ानों की सूची आदि बनानी प्रारंभ की और इनकी व्यवस्था का कमान संभाल लिया। इसी क्रम में 1953 में इन तूफ़ानों के नाम मानवीय नामों के आधार पर किये जाने का निर्णय लिया गया। उसके पूर्व इनके नाम अधिकतर तकनीकी अथवा संख्या वाले होते थे, जिन्हें कुछ तकनीकी विशेषज्ञ ही समझ पाते थे। अतः निर्णय लिया गया कि इनके नाम ऐसे हों, जो लोगों को आसनी से समझ आयें। यह भी आवश्यक समझा गया कि इन तूफ़ानों के बारे में पूर्व-चेतावनी देने के लिये उसके नाम होने आवश्यक हैं। इसे वर्षों के नाम से भी जाना जाता था - जैसे तूफ़ान 1950 ए, 1950 बी आदि। यह भी सुविधाजनक नहीं था। 1953 में अमेरिका के ‘राष्ट्रीय हरिकेन केन्द्र’ ने अलांटिक में आने वाले तूफ़ानों के नामों की एक सूची बना ली और उस सूची के अनुसार ही वे उनके नाम देने लग गये, जैसे हरिकेन बार्बरा, हरिकेन फ्लोरेंस, कैरोल आदि। यह भी मनोरंजक है कि 1953 से 1978 तक इन तूफ़ानों के नाम स्त्रीलिंग रखे गये और 1979 के बाद से अब पुल्लिंग नाम रखे जाने लगे। यह भी ग़ौरतलब है कि स्त्रीलिंग नाम वाले तूफ़ान अधिक घातक साबित हुए। संयुक्त राष्ट्रसंघ की एक संस्था विश्व मौसम संघ (डब्ल्यू.एम.ओ), जिसका मुख्यालय जेनेवा में था, ने 1977 में हरिकेन के नामों को रखने की सूची का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।
इधर उत्तरी हिन्द महासागर के चक्रवातों के नाम नहीं होते थे और इससे बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसा माना जाता है कि जातीय एवं सामाजिक विभिन्नताओं के कारण वे किसी नाम को नहीं रखना चाहते थे, ताकि किसी प्रकार का विवाद न हो। संभव था कि उनके नाम देने से किसी जाति अथवा सम्प्रदाय-विशेष को ठेस पहुँच सकती थी। यह स्थिति वर्ष 2004 तक ऐसे ही चलती रही। 2004 में हिन्द महासागर के आस-पास के आठ देशों अर्थात् बंगलादेश, भारत, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका एवं थाइलैण्ड ने एक साथ मिलकर इनके नामकरण करने का निर्णय लिया और इनके नामों की सूची बनायी। सभी देशों ने आठ-आठ नाम सुझाये और 64 नामों की सूची तैयार कर ली गयी। तब से देशों के वर्णक्रम के अनुसार आने वाले तूफ़ानों के लिये उनके सुझाये नामों से एक नाम दिया जाने लगा है। यह कार्य भारतीय मौसम विभाग करता है। भारतीस मौसम विभाग ही हिन्द महासागर के इन देशों के लिए समुद्री चक्रवाती तूफ़ानों के संदर्भ में चेतावनी देती है और इसी सूची से नामकरण करती है। उदाहरण के तौर पर इससे पहले जो नाम आये हैं, वे थे हेलेन (बंगलादेश), लहर (भारत), मदी (मालदीव) न-नौक (म्यांतार) और आने वाले भविष्य के तूफ़ानों केनाम होंगे - नीलोफर (पाकिस्तान), अशोबा (श्रीलंका), कोमेन (थाइलैण्ड) आदि। इस सूची के अनुसार इस बार ओमान द्वारा दिये गये नाम की बारी थी, जिसने इसका नाम हुदहुद दिया था। यह अरबी भाषा का शब्द है और हूपु नाम की चिड़िया को कहा जाता है। यह एक छोटी चिड़िया है, जो भारतीय कठफोड़वा से मिलती-जुलती है।
इन सभी आठ देशों द्वारा दिये गये नामों की सूची इस प्रकार हैं -
बंगलादेश - ओनिल, ओग्नि, निशा, गिरि, हेलेन, छोपोला, आक्खी, फोनी
भारत - अग्नि, आकाश, बिजली, जल, लहर, मेघ, सागर, वायु
मलदीव - हिबरू, गोनू, एैला, कैला, मदी, रुआनु, मेकुनु, हिका
म्यांमार - प्यार, ये-मयिन, फ्यान, थाने, न-नौक, क्यांत, दये, क्यार
ओमान - बाज़, सिद्र, वर्द, मरजान, हुदहुद, न’नदा, ल’लुबन, म’मह
पाकिस्तान - फनूस, नरगिस, लैला, निलम, निलोफर, वर्दा, तितली, बुलबुल
श्रीलंका - माला, रश्मि, बंदु, वियारु, अशोबा, मारुथा, गज, पवन
थाइलैण्ड - मुकदर, कैमुक, पेट, फेलिन, कोमेन, मोरा, पे-ति, अमपन
विश्वजीत ‘सपन’