Followers

Friday 1 August 2014

ईद उल-फ़ित्र


इस त्योहार के बारे में जानने से पहले इस्लाम का वह संदेश जो नबी (हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा) ने अपने अंतिम हज के बाद दिया था - ‘आज अहदे जाहीलियत (अज्ञानता काल) के तमाम दस्तूर और तौर-तरीक़े ख़त्म कर दिए गए। ख़ुदा एक है और तमाम इंसान आदम की औलाद हैं और वे सब बराबर हैं। अरबी को अजमी (ग़ैर-अरबी) पर और अजमी को अरबी परए काले को गोरे पर और गोरे को काले पर कोई फ़ज़ीलत (श्रेष्ठता) नहीं। अगर किसी को बड़ाई है तो नेक काम की वजह से है। तमाम ईमानवाले भाई-भाई हैं।’

    कहते हैं कि पहला ईद उल-फ़ित्र का त्योहार मुहम्मद साहब ने 624 ईसवीं में जंग-ए-बदर के बाद मनाया था। इस्लाम में दो प्रकार की ईद मनाये जाने की प्रथा है - ईद उल फ़ित्र और ईद उल जुहा। इस्लामी कैलेण्डर चाँद के हिसाब से चलता है और हिजरी के नौवें महीने में रमज़ान मनाने की प्रथा है। ‘रमज़ान’ शब्द ‘रमज़’ धातु से बना है, जिसका भावार्थ है - तपिश, गरमी। ऐसा अनुमान है कि जब महीनों के नाम निश्चित किए गए होंगे तो यह महीना सख़्त गरमी का रहा होगा।

    नियम के अनुसार इस महीने सभी मुसलमानों को पूरे महीने रोज़ा (व्रत) रखना अनिवार्य है और यह उसका फ़र्ज है। महीने में दिनभर उपवास रखा जाता है। इस महीने का उल्लेख कुरआन में कई जगह आया है। यह वही महीना है, जिसमें कुरआन का अवतरण हुआ था। इसी रमज़ान के महीने के बाद दसवें महीने के पहले दिन ईद उल फ़ित्र मनाया जाता है। अंतिम रात को जब चाँद डूबता है और ईद के चाँद का अवतरण होता है तो ईद मनायी जाती है। यह एक ऐसी रात मानी गई है जो हज़ारों रातों से उत्तम और श्रेष्ठ है।

    रोज़ा का अर्थ व्रत है। कुरआन में इसके लिए ‘सियाम’ शब्द आया है, जिसका मौलिक अर्थ रुक जाना होता है। इस प्रकार रोज़ा रखने का अर्थ हुआ कि आदमी सुबह पौ फटने से लेकर सूर्यास्त तक खाने-पीने और काम-वासना की पूर्ति से रुका रहता है। ऐसा माना गया है कि आत्मा की शुद्धता और आत्मिक विकास के लिए रोज़ा रखना आवश्यक है। इस व्रत से व्यक्ति में संयम उत्पन्न होता है और वह ईशपरायण बन जाता है। उसका विश्वास अल्लाह में हो जाता है और बढ़ जाता है। इस दौरान मुसलमानों का फ़र्ज है कि वे इस दौरान कोई ग़लत काम न करें और जितना संभव हो दूसरों की मदद करें। यदि कभी कोई नेक काम करने का अवसर मिले तो उस अवसर को जाने न दे। 

    पूरे विश्व में यह ईद हर्षोल्लास से मनाई जाती है और इसे भाईचारा बढ़ाने वाले त्योहार के रूप में देखा जाता है। इस त्योहार में सभी मुसलमान ख़ुदा से सुख-शांति और बरकत की दुआ माँगते हैं। साथ ही ख़ुदा का शुक्रिया भी अदा करते हैं कि उन्होंने एक महीने उपवास रखने की शक्ति दी। इस दिन नये कपड़े पहने जाते हैं और मस्जिद में जाकर इबादत (पूजा) करते हैं। इस दिन मुसलमानों के लिए ज़कात उल फ़ित्र यानी दान देना भी फ़र्ज है। यह दान ग़रीबों में बाँट दिया जाता है। कहते हैं कि कम से कम दो किलो का दान करना ही चाहिये। इस महीने आपसी मतभेद एवं झगड़ों को भी निपटाया जाता है। इस पवित्र महीने में मन में कोई पाप भी नहीं आना चाहिए ऐसा आदेश है। सभी लोग परिवार एवं दोस्तों के बीच तोहफ़ों का आदान-प्रदान भी करते हैं और नमाज़ (सलात) के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते हैं। इस दिन सिवैयाँ इस त्योहार का एक विशेष खाद्य पदार्थ है।
===============
विश्वजीत 'सपन'

No comments:

Post a Comment